सारांश यह वीडियो स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए आवश्यक पोषण संबंधी दिशा-निर्देश प्रदान करता है ताकि माँ और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। इसमें संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया गया है, जिसमें प्रोटीन, आयरन और कैल्शियम से भरपूर खाद्य पदार्थों जैसे मिलेट्स, दालें और डेयरी उत्पादों को शामिल करने की सलाह दी गई है। साथ ही, माताओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने और डॉक्टर की सलाह पर आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां लेने का सुझाव दिया गया है। प्रतिलिपि माँ का दूध बच्चे के लिए सबसे ज़्यादा पौष्टिक होता है। लेकिन इसका पूरा फ़ायदा तभी मिलता है जब माँ ख़ुद भी स्वस्थ और मज़बूत हो। तो चलिए जानते हैं कि एक दूध पिलाने वाली माँ को क्या खाना चाहिए, ताकि माँ और बच्चा दोनों तंदुरुस्त और खुशहाल रहें। दूध पिलाने वाली माँ को ज़्यादा ताक़त और पोषक खाने की ज़रूरत होती है। इसलिए उसे हर दिन अपने खाने में करीब 25% ज़्यादा खाना शामिल करना चाहिए। लेकिन सिर्फ़ ज़्यादा खाना ही नहीं, सही खाना भी ज़रूरी है। माँ को रोज़ाना संतुलित और रंग-बिरंगा खाना खाना चाहिए। अपनी थाली में गेहूँ, चावल, मोटे अनाज या मिलेट्स, दालें, पत्तेदार सब्ज़ियाँ, ताज़े फल, दूध, दही और सीमित मात्रा में गुड़ भी शामिल करें। यह खाद्य पदार्थ प्रोटीन और आयरन के अच्छे स्रोत हैं। दूध पिलाने वाली माँ को अपने खाने में ख़ासतौर पर कैल्शियम का ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए प्राकृतिक स्रोतों से भरपूर कैल्शियम लें जैसे दूध, दही या पनीर, हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ, सफ़ेद तिल, रागी, सोया और मेवे जैसे बादाम। नशीले पदार्थों और धूम्रपान से बिल्कुल दूर रहें। ये बच्चे को नुक़सान पहुँचा सकते हैं। चाय, कॉफ़ी और कोल्ड ड्रिंक को भी कम मात्रा में लें। पौष्टिक खाना खाने के साथ-साथ डॉक्टर की सलाह से आयरन और फ़ोलिक एसिड की गोलियाँ भी ज़रूर लें। iइनसे माँ और बच्चे दोनों को ज़रूरी ताक़त और सुरक्षा मिलती है। अगर माँ स्वस्थ होगी तो बच्चा भी स्वस्थ रहेगा। अच्छा खाएँ, खुश रहें और अपना ख्याल रखें।